प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बहाने रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन करने को भाजपा तैयार है। रैली में प्रधानमंत्री हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के मुख्यमंत्रियों का अभिनंदन कर जनता से दिल्ली में भी भाजपा का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा के नेता लगभग एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। पार्टी नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले हैं।
एक लाख से ज्यादा लोगों को लाने का लक्ष्य
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले शनिवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में भारी भीड़ जुटाकर भाजपा नेता विरोधी पार्टियों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करना चाहते हैं। इसलिए एक लाख से ज्यादा लोगों को रैली में लाने का लक्ष्य है। इसके लिए 2200 बसों की व्यवस्था की गई है।
प्रत्येक बस का एक प्रभारी बनाया गया है, जिससे कि रैली में आने वालों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो। भाजपा नेताओं ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लगभग पांच से सात हजार लोग भी रैली में शामिल होंगे। मुस्लिम इलाकों से लोगों को रामलीला मैदान तक लाने के लिए करीब डेढ़ सौ बसों की व्यस्था की गई है। रैली का समय सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रभारी प्रभात झा और प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित अन्य नेताओं ने रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, सभी जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को रैली में पहुंचने के लिए प्रेरित करने में व्यस्त रहे। प्रधानमंत्री के साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली सहित अन्य केंद्रीय मंत्री, दिल्ली के सभी सातों सांसद व अन्य भाजपा नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे।
keywords-ramlila-maidan,नरेंद्र मोदी, रामलीला मैदान, दिल्ली में चुनाव, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2014, भारतीय जनता पार्टी, Narendra Modi, Ramlila maidan, Delhi Assembly polls 2014, Delhi election
